होली में त्वचा और बालों का रखें ख्याल

होली में त्वचा और बालों का रखें ख्याल
होली का त्योहार रंग, गुब्बारे, पिचकारी और गुजिया के बिना अधूरा है। इस त्योहार में गुलाल से एक-दूसरे का चेहरा रंगने में जितना मजा आता है, उतना ही मुश्किल इन रंगों को त्वचा से छुड़ाना हो जाता है। कई बार तो लोग इतने पक्के रंगों से होली खेलते हैं कि यह त्योहार खत्म होने के चार-पांच दिन बाद भी नहीं छूटता। कुछ लोगों को इन रंगों से स्किन रिएक्शन हो जाता है। ऐसी दिक्कतों से बचने के लिए जरूरी है कुछ होली टिप्स को अपनाना। जी हां, होली खेलने से पहले अपनी त्वचा और बालों को रंगों के नुकसान से बचाया जा सकता है। होली हेयर एंड स्किन केयर टिप्स – Holi Tips होली खेलने से पहले और बाद में बालों और स्किन को लेकर कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है। इससे त्वचा और बालों को सिंथेटिक रंगों से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। कई रिसर्च बताती हैं कि होली में सिंथेटिक यानी केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल से जलन, एक्जिमा की समस्या (लाल निशान व सूजन), त्वचा पर दर्द, एक्ने/मुंहासे होना, त्वचा में शुष्कता के बढ़ने जैसी अनेक समस्याएं हो सकती हैं। इन्हीं परेशानियों से खुद को बचाए रखने के लिए होली का त्योहार हर्बल रंगों से ही खेलने की सलाह दी जाती है। वैसे भले ही हम हर्बल कलर का इस्तेमाल कर लें, लेकिन सामने वाला कैसे रंगों का उपयोग कर रहा है, यह पता नहीं होता। इसी वजह से स्किन और हेयर केयर टिप्स को फॉलो करना और जरूरी हो जाती है। इन टिप्स के बारे में लेख के अगले भाग में पढ़ें। त्वचा बेहद संवेदनशील होती है। ऐसे में इसकी देखभाल के लिए होली के दौरान कुछ स्किन केयर टिप्स को फॉलो करना जरूरी है। क्या हैं ये होली टिप्स लेख में आगे जानिए। सबसे पहले हम होली खेलने से पहले ध्यान रखने वाली बातें बताएंगे और फिर होली खेलने के बाद रंग को छुड़ाने से जुड़े कुछ स्किन केयर टिप्स देंगे। हमेशा होली खेलने से पहले कुछ स्किन केयर टिप्स पर गौर किया जाना चाहिए। चलिए, जानते हैं कि होली खेलने से पहले कौन-कौन से स्किन केयर टिप्स को फॉलो करना जरूरी है। 1. फेस मास्क होली खेलने से पहले वाली रात या फिर इससे दो घंटे पहले चेहरे पर बादाम के पाउडर और दूध के मिश्रण को चेहरे पर फेस मास्क की तरह लगा लें। तकरीबन 20 मिनट बाद चेहरे को धोएं। कहा जाता है कि इससे रंगों के दुष्प्रभाव से बचने में मदद मिल सकती है। 2. मॉइस्चराइजर लगाएं मास्क के बाद स्किन को मॉइस्चराइज करना बिल्कुल न भूलें। अच्छी तरह से त्वचा मॉइस्चराइज होगी, तो रंग चेहरे पर अपना अधिक प्रभाव नहीं छोड़ पाएंगे। साथ ही होली खेलने के बाद आसानी से रंग त्वचा से निकल जाएगा। 3. नारियल तेल मॉइस्चराइजर की जगह नारियल तेल का उपयोग भी किया जा सकता है। यह रंग को त्वचा के सीधे संपर्क में आने से रोक सकता है। 4. सनस्क्रीन लगाना न भूलें होली खेलने से पहले लोग सनस्क्रीन लगाना जरूरी नहीं समझते हैं। ऐसी गलती आप बिल्कुल न करें। जी हां, मॉइस्चराइजर चेहरे पर लगाना बहुत जरूरी है। कारण यह है कि होली खेलते हुए हम धूप में होते हैं। अगर स्किन पर सनस्क्रीन नहीं लगाया, तो सूर्य से भी त्वचा डैमेज हो सकती है। 5. होंठों की देखभाल भी है जरूरी अक्सर लोग होली खेलने के लिए इतनी जल्दबाजी में होते हैं कि अपने होंठों पर कुछ लगाते ही नहीं। ऐसा नहीं करना चाहिए। होली खेलने से पहले होंठों पर पेट्रोलियम जेली लगाकर हल्के हाथों से मसाज कर लें। उसके बाद आप चाहें, तो ऊपर से लिपस्टिक की एक कोट भी लगा सकते हैं। 6. पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें रंगों से शरीर का जितना हिस्सा बचा रहे, उतना ही अच्छा होगा। इसके लिए हमेशा होली खेलने से पहले पूरी आस्तीन के कपड़े ही पहनें। कपड़ों में भी कॉटन यानी सूती के कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है। ये हल्के होते हैं और पानी व रंग पड़ने के बाद भी शरीर को असहज महसूस नहीं होते। होली खेलने से पहले जिस तरह स्किन केयर टिप्स फॉलो करना जरूरी है, ठीक वैसे ही होली खेलने के बाद भी। रंगों से खेलने के बाद स्किन से इन्हें निकालने और सिंथेटिक रंगों के दुष्प्रभाव को कम करने के लिए इन टिप्स पर जरूर गौर करें। 1. साबुन से बचें अक्सर लोग होली खेलने के बाद साबुन से त्वचा को रगड़ते हुए साफ करते हैं। ऐसा करने से बचें। सबसे पहली बात तो स्किन को रगड़ने से त्वचा को हानि पहुंच सकती है। दूसरा यह कि साबुन में एस्टर जैसे कई रसायन होते हैं। ये खुजली और डर्मेटाइटिस (चकत्ते और सूजन) का कारण बनते हैं । एक तो शरीर पर रंग और ऊपर से हानिकारक केमिकल से स्किन पर और बुरा प्रभाव पड़ सकता है। शरीर को साफ करने के लिए केमिकल-फ्री क्रीम-बेस्ड क्लींजर का उपयोग कर सकते हैं। 2. नारियल तेल आप रंगों को हटाने के लिए तेल का उपयोग भी कर सकते हैं। इसके लिए बेस्ट होगा नारियल का तेल। पहले पूरे शरीर पर तेल लगाकर हल्की मसाज करें और फिर स्नान कर सकते हैं। नारियल तेल के अलावा आप बेबी ऑयल का उपयोग भी कर सकते हैं। 3. फेस मास्क त्वचा का रंग अगर नहीं निकल रहा है, तो हल्दी और बेसन से बने फेस मास्क का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें एक चम्मच बेसन, एक चम्मच हल्दी, एक चम्मच दूध डालकर पेस्ट तैयार कर लें। त्वचा में जलन महसूस नहीं हो रही है, तो इस पैक में एक-दो बूंद नींबू की भी डाल सकते हैं। 4. गर्म पानी से बचें होली खेलने के बाद नॉर्मल पानी से ही नहाएं। कुछ लोग गर्म पानी से नहा लेते हैं, जिसके कारण उनका रंग निकलने की जगह और पक्का हो जाता है। बताया जाता है कि गर्म पानी से नहाने के बाद स्किन से रंग छूटने की जगह वही बना रहता है। 5. वैक्सिंग, फेशियल और ब्लीच से बचें रंगों से खेलने के बाद ब्यूटी पार्लर जाकर वैक्सिंग, फेशियल या ब्लीच करने की सोच रहे हैं, तो सतर्क हो जाएं। बताया जाता है कि होली खेलने के तकरीबन एक हफ्ते तक इन सभी ब्यूटी ट्रीटमेंट से बचना चाहिए। इनसे स्किन को फायदा होने की जगह नुकसान हो सकता है। 6. एलोवेरा जेल से करें स्किन को रिलैक्स स्किन को रिलैक्स करने के लिए एलोवेरा जेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। कई रंगों से स्किन में जलन सी महसूस होती है। ऐसा होने पर एक चम्मच एलोवेरा में गुलाब जल की बूंदें मिलाकर कुछ देर फ्रिज पर रखें। उसके बाद इस ठंडे-ठंडे एलोवेरा जेल को त्वचा पर लगा लें। इससे स्किन पर होने वाली जलन से राहत मिल सकती है। दरअसल, एलोवेरा में सूर्य की रोशनी से हुए नुकसान को कम करने वाला और मॉइस्चराइजिंग प्रभाव होता है। यही नहीं, त्वचा को शांत करने वाला सूदिंग और हीलिंग इफेक्ट भी एलोवेरा जेल में पाया जाता है। गुलाब जल भी स्किन को हाइड्रेट करता है। साथ ही इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, सूर्य से हुई क्षति को कुछ कम कर सकता है। 7. स्किन को मॉइस्चराइज करें होली खेलने के बाद अच्छी तरह से नहाने और स्किन पर रिलैक्सिंग पैक लगाने के बाद उसे अच्छी तरह मॉइस्चराइज जरूर करें। रंगों से त्वचा पर हुई ड्राइनेस को मॉइस्चराइजर कम कर सकता है। ध्यान दें कि अगर नहाने के बाद पूरी बॉडी को मॉइस्चराइज नहीं करेंगे, तो त्वचा पर स्किन संबंधी परेशानी होने का जोखिम बना रहता है। होली में बालों को रंगों से बचाने के लिए क्या कुछ करना चाहिए। Holi Hair Care Tips – होली हेयर केयर टिप्स होली के दौरान त्वचा की तरह ही बालों का ख्याल रखना भी जरूरी है। बाजार में मौजूद सिंथेटिक कलर बालों को रूखी और फ्रिजी बना सकते हैं। रंगों से बालों को होने वाले इन नुकसान से बचने के लिए सतर्कता जरूरी है। इसी वजह से हम आगे रंगों के बुरे असर को बेअसर करने के लिए क्रमवार कुछ टिप्स दे रहे हैं। इन्हें अपनाकर अपने बालों की चमक और जान को बनाए रखें। होली खेलने से पहले बालों को रंगों से सुरक्षित रखने के लिए कुछ बातों पर गौर किया जाए, तो रंगों से होने वाले नुकसान से बालों को बचाया जा सकता है। आगे पढ़िए होली खेलने से पहले ध्यान देने वाली बातें। 1. बालों पर तेल लगाएं रंगों से स्कैल्प और बालों को बचाने के लिए अच्छे से बालों की तेल से मालिश करें। आप बालों के लिए सरसों का तेल या फिर नारियल का तेल चुन सकते हैं। इनके अलावा, बादाम का तेल और जैतून का तेल भी अच्छा विकल्प है। ऐसा करने से कृत्रिम रंग सीधे स्कैल्प या फिर बालों को नुकसान पहुंचाने से रोका जा सकता है। 2. बालों को बांधकर रखें होली खेलते समय बालों को लहराते हुए छोड़ने के बजाय बांध लें। बालों की चुटिया या फिर जूड़ा बनाया जा सकता है। इससे पूरे बालों पर रंग नहीं लगेगा और उसके बुरे प्रभाव से बाल बचे रहेंगे। 3. स्कार्फ से पूरे सिर को लपेट लें बालों पर तेल लगाने और बांधने के बाद उनपर स्कार्फ लगाना भी जरूरी है। यह बालों पर रंगों को पहुंचने नहीं देगा। एक तरह से स्कार्फ बालों के लिए सुरक्षात्मक परत का काम करता है। लोगों द्वारा डाला गया सारा रंग स्कार्फ में ही लेगा और आपके बाल व स्कैल्प इनसे बचे रहेंगे। 1. शैम्पू करें होली का रंग खेलने के बाद माइल्ड शैम्पू से बालों को दो बार धोएं। ऐसा करने से रंगों के बालों पर फंसे होने की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी। हमेशा माइल्ड और नेचुरल शैम्पू का ही इस्तेमाल करें। इससे बालों को डैमेज होने से बचाया जा सकता है। 2. कंडीशनर न भूलें बालों को शैम्पू करने के बाद कंडीशनर करना बिल्कुल न भूलें। इससे बाल सॉफ्ट और मैनेजेबल हो जाएंगे। साथ ही अगर बालों में रंगों की वजह से कुछ रूखापन यानी ड्राइनेस आ गई होगी, तो उसे भी कम करने में कंडीशनर मदद कर सकता है। 3. ऑयल लगाएं होली खेलने के बाद बालों को धोकर कंडीशनर लगाने के बाद अच्छे से सुखाएं और फिर जरूरत लगे, तो उसपर तेल लगा लें। अगर बाल रूखे लग रहे हैं, तो तेल लगाना जरूरी है। इससे बालों को मॉइस्चराइज करने में मदद मिल सकती है। चिपापन नहीं चाहिए या तेल लगाना नहीं चाहते हैं, तो हर्बल हेयर सीरम का उपयोग कर सकते हैं। होली खेलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पी लें। ऐसा करने से स्किन हाइड्रेट रहेगी। आंखों पर हमेशा सनग्लास पहनकर रखें। इससे आंखों को रंगों से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। लेंस लगाते हैं, तो उन्हें हटाकर ही होली खेलें। नाखूनों को होली के रंग से बचाने के लिए गहरे रंग का नेल पेंट लगा सकते हैं। अगर नाखून बड़े हैं, तो उन्हें काट लें। ऐसा करने से होली खेलते समय नाखून को टूटने से बचाया जा सकता है। साथ ही रंग लगाते हुए दूसरों को नाखून लगने के खतरे और नाखून के अंदर रंगों को फंसने से रोका जा सकता है। होली खेलने के बाद हाथ और पैर के नाखूनों को सॉफ्ट ब्रश से साफ करें। होली स्किन एंड हेयर केयर टिप्स के बारे में आप जान ही गए हैं। अब इन सारी बातों पर अमल करके आप अपनी होली को हैप्पी और सेफ दोनों ही बना सकते हैं। कुछ लोग होली के रंगों से डरते हैं। ऐसे लोग इन टिप्स को अपनाकर सुरक्षित होली खेल सकते हैं। बस स्किन एलर्जी वालों को काफी संभलकर रंग खेलना चाहिए। संभव हो, तो डॉक्टर से होली को लेकर स्पेशल दिशा निर्देश जरूर लें। ऐसा करने से होली का त्योहार मनाने के बाद स्किन को लेकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। हैप्पी होली!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *